Bokaro: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने अगस्त 2026 में उत्पादन और बिक्री दोनों मोर्चों पर मजबूत प्रदर्शन किया। कंपनी ने हॉट मेटल, क्रूड स्टील और सेलेबल स्टील का अगस्त माह का अब तक का सर्वश्रेष्ठ उत्पादन दर्ज किया।
क्रूड स्टील उत्पादन 8% बढ़ा
अगस्त में क्रूड स्टील उत्पादन 8% बढ़कर 1.68 मिलियन टन रहा। हॉट मेटल उत्पादन 9% बढ़कर 1.78 मिलियन टन और सेलेबल स्टील उत्पादन 1% बढ़कर 1.69 मिलियन टन पहुंच गया।

बिक्री में 13% की जोरदार वृद्धि
कंपनी की कुल बिक्री 1.871 मिलियन टन रही, जो पिछले साल के 1.654 मिलियन टन से 13% अधिक है। टियर-1 और टियर-2 रिटेल चैनलों में मजबूत मांग के बीच कैश कलेक्शन भी सालाना आधार पर 23% बढ़ा।

वैल्यू एडेड स्टील की रिकॉर्ड बिक्री
SAIL ने कोल्ड रोल्ड, गैल्वेनाइज्ड और अलॉय स्टील समेत कई वैल्यू एडेड उत्पादों की अगस्त में रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की। बेहतर सप्लाई चेन के चलते इन्वेंट्री में भी उल्लेखनीय कमी आई।
रेलवे को रेल आपूर्ति बढ़ी
भारतीय रेलवे को रेल आपूर्ति 5% बढ़कर 1.23 लाख टन हो गई। लॉन्ग रेल्स की आपूर्ति 1.12 लाख टन रही, जो सालाना आधार पर 11% अधिक और अब तक का उच्चतम स्तर है।
उधारी में ₹870 करोड़ की कमी
कंपनी ने 31 मार्च 2026 के मुकाबले अपनी उधारी ₹870 करोड़ घटाकर वित्तीय स्थिति मजबूत की। वहीं अप्रैल-अगस्त 2026 में संचयी बिक्री 5.6% बढ़कर 7.71 मिलियन टन पहुंच गई।
विकास की रफ्तार और तेज करने को तैयार SAIL
SAIL के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. ए.के. पंडा ने कहा कि रिकॉर्ड उत्पादन, बिक्री में तेजी और वित्तीय अनुशासन कंपनी के मजबूत होते आधार को दर्शाते हैं। विस्तार परियोजनाओं और घरेलू मांग के बीच कंपनी आगे विकास की गति तेज करने के लिए तैयार है।
