Bokaro: चास के अंसारी मोहल्ले में एक खंडहरनुमा मकान जुआ खेलने का अड्डा बना हुआ था। पुलिस को सूचना मिली कि सुधीर खटाल के पीछे स्थित इस मकान में असामाजिक तत्वों द्वारा बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर चास थाना पुलिस ने विशेष छापामारी दल गठित कर कार्रवाई की और मौके से 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान जुआ खेलते पकड़े गए आरोपियों के पास से 10 मोबाइल फोन, Rs 4,840 नकद और ताश की गड्डियां बरामद की गईं। कार्रवाई के बाद इस मामले में चास थाना में कांड दर्ज किया गया है।
खंडहरनुमा मकान में सजाया गया था जुए का खेल
पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर दरी बिछाकर जुआ खेलने की व्यवस्था मिली। वहां अरिस्टो कंपनी के ताश के नए पैकेट के साथ 48 खुले पत्ते भी बरामद किए गए। पुलिस ने जुए में इस्तेमाल की जा रही सामग्री को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामले में मो. कुर्वान अंसारी (30), मंटु महतो (37), हसन अंसारी (38), दुलाल स्वर्णकार (35), अजय कुमार रजवार (32), आलोक चटर्जी (44), रफीक शेख (35), गनीष कुमार राय (33), एस.के. राजा (28) और अब्दुल अंसारी (42) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सभी आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं पाया गया है।

पुलिस टीम ने अचानक की छापेमारी
कार्रवाई में चास थाना के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और जवानों की टीम शामिल रही। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश दयाल सिंह, अजीत कुमार, रविशंकर, धनंजय कुमार, अजय कुमार शर्मा और सहायक अवर निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध जुआ संचालन को लेकर हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

