Bokaro: सेल-बोकारो स्टील प्लांट के बेहद संवेदनशील वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में गुरुवार को अचानक कामकाज ठप हो गया। वेतन से कथित “कट मनी” की वसूली और मजदूरों को काम से हटाने के विरोध में ठेका मजदूर सुबह छह बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। प्लांट गेट पर मजदूरों के जुटने से प्रबंधन के सामने नया संकट खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि बीएसएल के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के हेड जेनेरल मैनेजर के अधिकारी है, जिनके जिम्मे नगर प्रसाशन के पब्लिक हेल्थ, हॉर्टिकल्चर विभाग भी है। यूनियन नेता दूसरे विभाग में कार्यरत ठेका मजदूरों से संपर्क कर उनका हाल भी पूछ रहे है।
“कट मनी नहीं लौटाई तो नौकरी से बाहर !”
मजदूरों और यूनियन का आरोप है कि ठेका मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी का भुगतान किया जाता है, लेकिन इसके बाद ठेकेदार कथित तौर पर उनसे एक हिस्सा “कट मनी” के रूप में वापस ले लेते हैं। उनका दावा है कि यह पूरी व्यवस्था BSL के संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में होने के बावजूद लंबे समय से चलती रही। मजदूरों का आरोप है कि वेतन से कथित तौर पर काटी गई रकम वापस करने से इनकार करने वाले मजदूरों पर कार्रवाई की जा रही है। कुछ मजदूरों को काम से बाहर कर दिया गया, जबकि कई अन्य को हटाने की कथित धमकी दी जा रही है।

20 साल सेवा के बाद भी बाहर का रास्ता ?
हड़ताल कर रहे मजदूरों का दावा है कि वे वर्षों से प्लांट में काम कर रहे हैं और अचानक उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा कर दिया गया है। मजदूरों के मुताबिक हड़ताल में शामिल अधिकांश कर्मचारी विस्थापित परिवारों से हैं। इनमें कई ऐसे हैं जो करीब दो दशक से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में काम कर रहे हैं। मजदूर संगठन का सवाल है कि वर्षों तक सेवा लेने के बाद आखिर उन्हें अचानक बाहर करने की नौबत क्यों आई?
राजेंद्र सिंह का बड़ा आरोप-“कट मनी और अराजकता का गढ़”
क्रांतिकारी इस्पात मजदूर संघ, हिंद मजदूर सभा के महामंत्री सह एनजेसीएस सदस्य राजेंद्र सिंह ने प्लांट गेट पर प्रबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि वाटर ट्रीटमेंट प्लांट कथित रूप से “कट मनी और अराजकता का गढ़” बन गया है। उन्होंने अधिकारी-ठेकेदार गठजोड़ का आरोप लगाते हुए कहा कि मजदूरों की मेहनत की कमाई के साथ कथित तौर पर खिलवाड़ किया जा रहा है। राजेंद्र सिंह ने कहा कि मजदूरों के खून-पसीने की कमाई पर किसी को हाथ साफ करने की इजाजत नहीं दी जा सकती।
17 मजदूरों से शुरू हुआ विवाद, फिर 6 पर कार्रवाई का आरोप
संगठन के अनुसार 16 जुलाई को 17 मजदूरों को काम से बाहर कर दिया गया था। आरोप था कि इन मजदूरों ने वेतन से कथित कट मनी वापस करने से इनकार कर दिया था। मामला श्रम विभाग तक पहुंचा और अब विवाद और गहरा गया है।
श्रम विभाग में मामला लंबित, फिर भी कार्रवाई?
राजेंद्र सिंह के मुताबिक 8 सितंबर को सहायक श्रमायुक्त (केंद्रीय), धनबाद के समक्ष मामले की सुनवाई हुई थी। उन्होंने दावा किया कि सुनवाई के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की गई और मजदूरों द्वारा लगाए गए आरोपों पर चर्चा हुई। संगठन का आरोप है कि मामला श्रम विभाग के समक्ष लंबित रहने के बावजूद 10 सितंबर को छह और मजदूरों को काम से बाहर कर दिया गया। इसी कार्रवाई के बाद मजदूरों ने सामूहिक रूप से काम बंद करने का फैसला लिया।
आज 6 निकले, कल किसकी बारी ?”
मजदूरों का कहना है कि यदि अभी आवाज नहीं उठाई गई तो आने वाले दिनों में और कर्मचारियों को काम से बाहर किया जा सकता है। इसी आशंका के बीच मजदूरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है।
पानी के प्लांट में मजदूरों का संकट, शहर की सुरक्षा पर सवाल
मजदूर संगठन ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में अनुभवी कर्मचारियों को हटाने और उनकी जगह कथित तौर पर अनुभवहीन श्रमिकों से काम कराने पर भी सवाल उठाया है। राजेंद्र सिंह ने कहा कि वाटर ट्रीटमेंट जैसी संवेदनशील व्यवस्था का सीधा संबंध बोकारो शहरवासियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से है। ऐसे में अनुभवी कर्मचारियों को हटाने की किसी भी कार्रवाई की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
शीर्ष प्रबंधन हस्तक्षेप करे, वरना बढ़ेगा आंदोलन”
राजेंद्र सिंह ने सेल-बोकारो स्टील प्लांट के शीर्ष प्रबंधन से तत्काल हस्तक्षेप कर विवाद का समाधान कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मजदूरों की मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन का दायरा बढ़ सकता है और अन्य प्लांटों के मजदूर भी काम बंद करने के लिए मजबूर हो सकते हैं। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में शुरू हुई यह हड़ताल अब सिर्फ मजदूरों के रोजगार का मुद्दा नहीं रह गई है। कट मनी के आरोप, ठेका व्यवस्था, अनुभवी मजदूरों को हटाने और संवेदनशील प्लांट की कार्यप्रणाली पर उठे सवालों ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है।
BSL के चीफ ऑफ़ कम्युनिकेशन, मणिकांत धान ने कहा कि प्रबंधन इस मामले को देख रहा है।
