Bokaro: बेरमो थाना क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ सीआईएसएफ एवं सीसीएल सुरक्षा गार्ड की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम ने अमलो रेलवे साइडिंग के समीप 05 नंबर पीपल धोरा बस्ती क्षेत्र में छापेमारी कर 21.29 टन अवैध कच्चा कोयला जब्त किया।

सूचना के बाद सक्रिय हुई टीम
सीआईएसएफ सीसीएल करगली के कमांडेंट को सूचना मिली थी कि बस्ती क्षेत्र में कोयला चोरों द्वारा अवैध रूप से कोयला जमा किया गया है। सीआईएसएफ क्राइम ब्रांच द्वारा सूचना की पुष्टि के बाद इसकी जानकारी सीसीएल महाप्रबंधक राजीव कुमार सिंह को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त छापेमारी टीम को सक्रिय किया गया।
जंगल क्षेत्र से भी 1.03 टन कोयला बरामद
अभियान के दौरान बीएंडके एरिया के कारो एक्सकावेशन के पीछे जंगल क्षेत्र में भी अवैध रूप से जमा 1.03 टन कोयला बरामद किया गया। इस तरह कार्रवाई में कुल 22.32 टन अवैध कोयला जब्त हुआ। बरामद कोयला नियमानुसार सीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया।

MMDR Act के तहत होगी कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई Mines and Minerals (Development and Regulation) Act, 1957 के प्रावधानों के तहत की गई है। संबंधित मामले में नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कोयला चोरी के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
सीआईएसएफ कमांडेंट ने कहा कि कोयला चोरी पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा। सीआईएसएफ एवं सीसीएल प्रबंधन ने अवैध खनन, भंडारण और कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही।
