Bokaro: सेक्टर-4 सिटी सेंटर निवासी एक युवक को मोबाइल बंद होने का डर दिखाकर साइबर ठगों ने उसके एचडीएफसी क्रेडिट कार्ड से 4.83 लाख रुपये उड़ा लिए। मामले में साइबर थाना पुलिस ने प्रवीन कुमार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोड बताने से किया इनकार, फिर भी कट गए पैसे
प्रवीन कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। फोन करने वाले ने कहा कि उनका मोबाइल नंबर बंद होने वाला है। इसके बाद उनके मोबाइल पर चार अंकों का एक कोड भेजा गया और इसे बताने पर मोबाइल बंद नहीं होने की बात कही गई।
प्रवीन ने फोन करने वाले को कोड बताने से साफ इनकार कर दिया। इसके बावजूद कुछ ही समय बाद उनके एचडीएफसी क्रेडिट कार्ड से तीन अलग-अलग लेनदेन में कुल 4,83,991 रुपये कट गए।

साइबर पुलिस ने शुरू की जांच
खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने के बाद युवक ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस लेनदेन के विवरण और फोन कॉल से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ठगी में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।
