Bokaro : पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के लुटियाबाद गांव में शुक्रवार देर रात घरेलू विवाद के दौरान हुई मारपीट में 27 वर्षीय किशन महतो की मौत हो गई। मृतक की पत्नी रीता देवी ने अपने ससुर चैतु महतो और देवर रवि कुमार महतो पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

विवाद के बाद आंगन में गिरा युवक
जानकारी के अनुसार, किशन महतो का किसी घरेलू बात को लेकर पिता और छोटे भाई से विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान किशन बाइक लेकर घर से निकलने लगा, जिसका उसके छोटे भाई ने विरोध किया। धक्का-मुक्की के दौरान किशन आंगन में बने तुलसी मंच पर गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी और वह बेहोश हो गया।
अस्पताल ले जाने के दौरान मौत
परिजनों के अनुसार, किशन नशे की हालत में था, इसलिए शुरुआत में चोट को गंभीरता से नहीं लिया गया। बाद में सिर से रक्तस्राव होने पर पत्नी ने अस्पताल ले जाने को कहा। परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
सूचना पर थाना प्रभारी रवि कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया। पत्नी के आवेदन पर कांड संख्या 115/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पति की मौत से पत्नी की तबीयत बिगड़ी
मृतक का करीब डेढ़ वर्ष का पुत्र प्रदुम महतो है। पति की मौत के बाद रीता देवी की तबीयत बिगड़ गई और वह बार-बार बेहोश होने लगीं। उन्हें चास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
