Bokaro: गणेश पूजा जुलूस में वर्चस्व दिखाने के लिए हथियार लेकर पहुंचे दो युवकों को बोकारो पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक लोडेड देशी सिक्सर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। कार्रवाई 18 सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर बीएस सिटी थाना क्षेत्र में की गई।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने के बाद नगर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए दुन्दीबाग माड़ी पट्टी निवासी मंगल पासवान (39) को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक लोडेड देशी सिक्सर बरामद हुआ। जांच के दौरान पुलिस को मामले में सेक्टर-1सी आयर खटाल निवासी शिवम कुमार की संलिप्तता की जानकारी मिली। इसके बाद छापेमारी कर उसे भी गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
जुलूस में वर्चस्व दिखाने की बात
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे गणेश पूजा जुलूस के दौरान अपना वर्चस्व दिखाने के इरादे से हथियार लेकर पहुंचे थे। पुलिस ने समय रहते हथियार बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

ये सामान हुए बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी लोडेड सिक्सर और दो जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी टीम में बीएस सिटी थाना की थाना प्रभारी ममता कुमारी, पुअनि महती बोयपाई, पुअनि अनिल कुमार गुप्ता, सअनि रंजन मिश्रा समेत पुलिस के अन्य जवान शामिल थे।
