Bokaro: रांची जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस के इंजन से शनिवार को महिला का कटा हुआ सिर मिलने से बोकारो रेलवे स्टेशन पर सनसनी फैल गई। करीब 50 वर्ष की अज्ञात महिला का सिर इंजन के आगे कैटल गार्ड के ऊपर कपलर के पास एक हिस्से में मिला। प्रारंभिक तौर पर मामला हत्या से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं की है।

बोकारो पहुंचते ही क्रू ने दोबारा की इंजन की जांच
घटना शनिवार सुबह करीब 11.35 बजे की है। पटना से रांची जा रही ट्रेन संख्या 12365 के चालक ने गोमो से ट्रेन की कमान संभाली थी। इसी दौरान इंजन के केबिन में तेज दुर्गंध महसूस हुई। चालक ने पहले केबिन के अंदर इसकी वजह तलाशने की कोशिश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
कैटल गार्ड के ऊपर फंसा मिला महिला का सिर
बोकारो स्टेशन पहुंचने के बाद दुर्गंध लगातार बनी रही तो चालक ने इंजन की दोबारा जांच की। बाहर से निरीक्षण करने के दौरान उन्हें कैटल गार्ड के ऊपर कपलर के पास एक जगह महिला का कटा हुआ सिर दिखाई दिया। आद्रा रेल मंडल के सीनियर डीसीएम विकास कुमार ने बताया, “इंजन के अंदर काफी देर से दुर्गंध आ रही थी। बोकारो पहुंचने के बाद चालक ने बाहर से इंजन की जांच की, तब कैटल गार्ड के ऊपर कपलर के पास महिला का कटा हुआ सिर मिला।”

RPF और GRP की टीम मौके पर पहुंची
सिर मिलने की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) की टीमें मौके पर पहुंचीं। इंजन की जांच कर महिला का सिर बरामद किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
“महिला की पहचान और सिर वहां पहुंचने की जांच”
RPF अद्रा मंडल के सीनियर कमांडेंट ओम प्रकाश मोहंती ने कहा, “आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने इंजन की जांच की। कैटल गार्ड के पास बने एक खाली हिस्से से महिला का कटा सिर बरामद किया गया है। सिर वहां कैसे पहुंचा, किसने रखा और महिला की पहचान क्या है, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है।”
धनबाद-गोमो-चंद्रपुरा रूट की भी होगी जांच
ट्रेन धनबाद, गोमो और चंद्रपुरा होते हुए बोकारो पहुंची थी। रेलवे और आरपीएफ ने रास्ते में आने वाले स्टेशनों को भी सूचना दी है। संबंधित स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मोहंती ने कहा, “जीआरपी मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।”
करीब एक घंटे तक बोकारो में रुकी जनशताब्दी
महिला का सिर बरामद होने के बाद बोकारो स्टेशन पर जनशताब्दी एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक रुकी रही। आवश्यक कार्रवाई और जांच पूरी होने के बाद ट्रेन करीब 12.35 बजे रांची के लिए रवाना हुई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला की हत्या की गई थी या सिर इंजन तक पहुंचने के पीछे कोई अन्य परिस्थिति थी। महिला की पहचान और घटना के पूरे घटनाक्रम का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
