Bokaro: चास के सांगजौरी निवासी बीएसएल ठेका मजदूर राम प्रसाद गोराई के बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने बेटी की शादी के लिए जमा 2.35 लाख रुपये निकाल लिए। मामले में साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

22 बार में खाते से हुई रुपये की निकासी
राम प्रसाद ने बेटी की शादी के लिए अपने बैंक ऑफ इंडिया के खाते में 2 लाख 35 हजार 100 रुपये जमा किए थे। 17 सितंबर को जब वह बैंक से रुपये निकालने पहुंचे तो खाते में महज 472 रुपये ही बचे थे। जांच में पता चला कि 14 से 16 सितंबर के बीच करीब 22 बार में खाते से रुपये की निकासी की गई।
खाते से जुड़ा था पुराना मोबाइल नंबर
शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके बैंक खाते से वर्ष 2015-16 का पुराना मोबाइल नंबर लिंक था, जो काफी समय पहले बंद हो चुका है। उन्होंने इसके बाद बैंक में नया मोबाइल नंबर अपडेट नहीं कराया था। राम प्रसाद ने पुलिस को बताया कि वह यूपीआई का इस्तेमाल भी नहीं करते हैं।

पुराने नंबर पर संपर्क करने पर मिली धमकी
राम प्रसाद ने बताया कि उन्होंने पुराने मोबाइल नंबर पर संपर्क कर उसके धारक से नाम-पता पूछने की कोशिश की, लेकिन उसने अपनी पहचान बताने से इनकार कर दिया। आरोप है कि बातचीत के दौरान उसे धमकी भी दी गई। साइबर थाना पुलिस बैंक खाते से हुई निकासी और मोबाइल नंबर से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
