Bokaro : पश्चिम बंगाल के असुरबांध निवासी 23 वर्षीय अपूर्व उर्फ राकेश रजवार का शव बुधवार रात चंदनकियारी के रांगामटिया गांव स्थित जंगल में पेड़ से लटकता मिला। घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

मृतक के भाई के अनुसार, अपूर्व बुधवार शाम करीब चार बजे अपने पड़ोसी तापस रजवार के साथ फुटबॉल खेलने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तापस के एक रिश्तेदार ने फोन कर बताया कि अपूर्व का शव रांगामटिया के जंगल में मिला है। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।
बताया गया कि तापस का रांगामटिया में विवाह होने वाला है। ऐसे में पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है कि क्या अपूर्व अपने दोस्त के ससुराल गांव जाने के लिए फुटबॉल खेलने की बात कहकर घर से निकला था। वह वहां क्यों गया और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

मृतक के पिता के लिखित बयान के आधार पर चंदनकियारी थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद अपूर्व के परिजनों और ग्रामीणों में शोक के साथ कई सवाल भी उठ रहे हैं।
