Bokaro: बोकारो जिले में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मौसम विभाग, रांची ने जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। संभावित जलजमाव, बाढ़ और जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

24×7 सक्रिय रहेगा जिला नियंत्रण कक्ष
उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार अजय नाथ झा ने आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत विभागों को अतिवृष्टि से निपटने के निर्देश दिए हैं। ऑरेंज या रेड अलर्ट की स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष 24×7 सक्रिय रहेगा। इसके नंबर 06542-247891 और 06542-223705 हैं। सभी विभागों और अंचल कार्यालयों को अपने स्तर पर नियंत्रण कक्ष बनाने तथा क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) गठित करने को कहा गया है।
जलजमाव और सड़क क्षति पर होगी त्वरित कार्रवाई
बोकारो, चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद को वार्डवार दल गठित कर जलजमाव दूर करने का निर्देश दिया गया है। सड़क निर्माण एवं ग्रामीण कार्य विभाग को संवेदनशील सड़कों, गड्ढों और डायवर्सन की पहचान कर बैरिकेडिंग व चेतावनी संकेत लगाने को कहा गया है।

बिजली, पेड़ और पर्यटन स्थलों की सुरक्षा पर जोर
विद्युत विभाग को तार या पोल क्षतिग्रस्त होने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश हैं। वन विभाग सूखे व कमजोर पेड़ों को हटाएगा। पर्यटन स्थलों पर खतरनाक स्थानों और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग व चेतावनी संकेत लगाए जाएंगे।
स्वास्थ्य और राहत व्यवस्था रहेगी तैयार
स्वास्थ्य विभाग को जरूरी दवाओं और एंटीवेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। जर्जर स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और मकानों की निगरानी के साथ जरूरत पड़ने पर परिवारों को सुरक्षित स्थानों या राहत शिविरों में पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी।
आम लोगों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने लोगों से भारी बारिश के दौरान जलजमाव, गहरे पानी, कमजोर संरचनाओं और अन्य जोखिम वाले स्थानों से दूर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन या नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की है।
