Bokaro: राउरकेला स्थित राधिका रेजिडेंसी में फेरो स्क्रेप निगम प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों के बोनस को लेकर ज्वाइंट फोरम कमेटी की बैठक हुई। बैठक में कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक (एचआर) समेत अन्य पदाधिकारी तथा विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में देशभर में कार्यरत 275 स्थायी कर्मचारियों के दुर्गापूजा से पूर्व बोनस पर चर्चा की गई।

23 हजार से बढ़कर 25 हजार रुपये हुआ बोनस
दिनभर चली चर्चा और वार्ता के बाद पिछले वर्ष मिले 23,000 रुपये के मुकाबले इस वर्ष 25,000 रुपये बोनस देने पर समझौता हुआ। समझौते पर बैठक में मौजूद प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए। इस तरह कर्मचारियों को पिछले वर्ष की तुलना में 2,000 रुपये अधिक बोनस मिलेगा।
कर्मचारियों को मिलेगा वार्षिक उपहार
बैठक में वार्षिक उपहार के रूप में विभागीय कर्मचारियों को 50 ग्राम का तनिष्क चांदी का सिक्का और ठेका कर्मचारियों को 20 ग्राम का चांदी का सिक्का देने पर भी सहमति बनी।

ठेका मजदूरों के लिए अतिरिक्त मांग
जय झारखंड मजदूर समाज के महामंत्री बीके चौधरी ने ठेका मजदूरों के लिए प्रॉफिट लिंक्ड रिवार्ड स्कीम के तहत कम से कम 10,000 रुपये देने तथा 4,100 रुपये एडीब्ल्यूए की मांग दोहराई। प्रबंधन ने भिलाई जाकर प्रबंध निदेशक से चर्चा के बाद निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
एडीब्ल्यूए को लेकर हड़ताल की चेतावनी
बीके चौधरी ने कहा कि एडीब्ल्यूए के मुद्दे पर पहले ही हड़ताल का नोटिस दिया जा चुका है। केंद्रीय सहायक श्रमायुक्त, धनबाद के समक्ष एक दौर की वार्ता हो चुकी है, जो अधूरी रही। उन्होंने कहा कि अगली बैठक में सकारात्मक वार्ता नहीं होने पर दुर्गापूजा से पहले तीन दिवसीय हड़ताल की जा सकती है।
