Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र में कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को मजबूत करने और शून्य-दुर्घटना के लक्ष्य की दिशा में विभिन्न विभागों में सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में कोल्ड रोलिंग मिल-3 (सीआरएम-3) और अनुसंधान एवं नियंत्रण प्रयोगशाला (आरसीएल) विभाग में सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ हुआ। इसका उद्देश्य कर्मचारियों में सुरक्षा चेतना बढ़ाने, सुरक्षित कार्य व्यवहार को प्रोत्साहित करने और सजग सुरक्षा संस्कृति विकसित करना है।

सीआरएम-3 में तीन दिवसीय कार्यक्रम
सीआरएम-3 में तीन दिवसीय सुरक्षा सप्ताह का उद्घाटन टीसीएम ग्लास रूम क्षेत्र में अधिशासी निदेशक (संकार्य) की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान सुरक्षा शपथ, सुरक्षा संबोधन और सुरक्षा गीत के साथ व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (पीपीई) की प्रदर्शनी लगाई गई। आपात स्थिति से निपटने के लिए टीसीएम में नए इमरजेंसी रूम की शुरुआत भी की गई।
मानव श्रृंखला से दिया सड़क सुरक्षा संदेश
कार्यक्रम के दूसरे दिन प्लांट प्लाजा रोड पर कर्मियों ने विशाल मानव श्रृंखला बनाकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। इसके बाद सीपीआर तकनीक और अग्निशमन मॉक ड्रिल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। अंतिम दिन ‘नियर मिस’ घटनाओं के अनुभव साझा किए गए और ऑनलाइन व ऑफलाइन सुरक्षा क्विज आयोजित हुई।

आरसीएल में पोस्टर प्रतियोगिता
आरसीएल विभाग में मुख्य महाप्रबंधक (गुणवत्ता) की उपस्थिति में सुरक्षा सप्ताह का उद्घाटन हुआ। अधिकारियों, नियमित कर्मचारियों और संविदा कर्मियों से दैनिक कार्य में ‘सुरक्षा पहले’ के सिद्धांत को अपनाने का आह्वान किया गया। सम्मेलन कक्ष में आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में कर्मियों ने रचनात्मक तरीके से सुरक्षा संदेश प्रस्तुत किए।
सुरक्षित कार्यस्थल के लिए सामूहिक प्रयास
बीएसएल के विभिन्न विभागों में आयोजित ये कार्यक्रम कर्मचारियों में सतर्कता और सुरक्षित कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सुरक्षित औद्योगिक वातावरण के निर्माण में अहम भूमिका निभा रही है।
