Bokaro: रविवार की रात्रि पुलिस अधीक्षक, बोकारो ने चास थाना क्षेत्र में रात्रि गश्ती, टाइगर मोबाइल और रक्षक राइडर की सक्रियता एवं प्रभावशीलता का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गश्ती दलों की कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।

संवेदनशील इलाकों में QR कोड स्कैन कर गश्ती का निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने गश्ती पार्टी एवं रक्षक राइडर्स को थाना क्षेत्र के संवेदनशील और चिन्हित स्थानों पर सघन गश्ती करने का निर्देश दिया। बैंक-एटीएम, आवासीय क्षेत्र, सुनसान स्थानों तथा पूर्व में चोरी की घटनाओं से प्रभावित इलाकों में विशेष निगरानी रखने और निर्धारित QR कोड स्कैन करने को कहा गया।
संदिग्ध गतिविधियों पर रखी जाएगी नजर
रात्रि में अनावश्यक रूप से घूमने वाले लोगों से उनकी पहचान और बाहर निकलने के उद्देश्य के संबंध में विधिवत पूछताछ करने का निर्देश दिया गया, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी तरीके से नजर रखी जा सके।

नशाखोरी और अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर अड्डेबाजी, नशाखोरी, जुआ, बाइक स्टंट और ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। एनएच किनारे स्थित होटलों और ढाबों में शराब की बिक्री व सेवन पर भी विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
घटना होने पर तय होगी गश्ती दल की जिम्मेदारी
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि किसी घटना की स्थिति में संबंधित गश्ती दल की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने सभी थाना क्षेत्रों के गश्ती दलों को पूरी सक्रियता, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया।
