Bokaro: श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल, बोकारो की अंडर-14 बालिका बास्केटबॉल टीम ने सीबीएसई नेशनल बास्केटबॉल टूर्नामेंट 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय विजेता ट्रॉफी हासिल की। 20 से 26 सितंबर तक नारायण वर्ल्ड स्कूल, जमुहार, सासाराम में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न क्लस्टरों और स्कूलों की 65 टीमों ने हिस्सा लिया।

शुरुआती मुकाबलों में दिखाया दम
टीम ने शुरुआती मुकाबलों में डीएवी पब्लिक स्कूल, लुधियाना को 46-20, अलखोर इंटरनेशनल स्कूल, कतर को 20-04 और राजागिरी पब्लिक स्कूल, एर्नाकुलम को 20-16 से हराया। दिल्ली प्राइवेट स्कूल, दुबई के खिलाफ एक मुकाबले में टीम को हार का सामना करना पड़ा।
क्वार्टर फाइनल में दर्ज की शानदार जीत
क्वार्टर फाइनल में अय्यप्पा स्कूल की बालिकाओं ने दिल्ली पब्लिक स्कूल, नोएडा को 25-10 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में विद्यानिकेतन पब्लिक स्कूल, बैंगलोर के खिलाफ 30-35 से कड़े मुकाबले में हार के बावजूद टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय विजेता का स्थान हासिल किया।

खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मिली बधाई
आठ सदस्यीय टीम में कप्तान सेजल सिंह, उप-कप्तान रिचा कुमारी, रिया सिंह, स्मृति मुर्मू, वान्या सिंह, वैष्णवी, सृष्टि राज और तनु रंजन शामिल रहीं। टीम के कोच संदीप भोला और शिक्षिका नमो ने मार्गदर्शन किया।
स्कूल प्रबंधन ने जताया गर्व
विद्यालय के अध्यक्ष पी. राजगोपाल, निदेशक डॉ. एस.एस. महापात्रा और प्रधानाचार्या पी. शैलजा जयकुमार समेत प्रबंधन समिति ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई दी। प्रबंधन ने कहा कि इस उपलब्धि से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।
