Bokaro: शहर में साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साइबर थाना पुलिस ने सेक्टर-6 स्थित लाइब्रेरी ग्राउंड से दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से अलग-अलग बैंकों के 9 एटीएम कार्ड, चार स्मार्टफोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और 220 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों कथित तौर पर दूसरे लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी की रकम मंगाने और एटीएम कार्ड व लिंक मोबाइल नंबर के जरिए पैसे निकालने के नेटवर्क से जुड़े थे।


गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस को 6 अक्टूबर को करीब 11.30 बजे सूचना मिली थी कि साइबर अपराधी सेक्टर-6 थाना क्षेत्र के लाइब्रेरी ग्राउंड में बैठकर साइबर अपराध की योजना बना रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। सेक्टर-6 थाना की दिवा गश्ती टीम के साथ पुलिस लाइब्रेरी ग्राउंड पहुंची तो दो संदिग्ध वहां से भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
दो युवकों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चास थाना क्षेत्र के तेलीडीह रोड, महतो कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय राहुल कुमार और लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के गोविंदनगर निवासी 27 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई है।

9 ATM कार्ड और चार मोबाइल बरामद
पुलिस ने राहुल और राजेश के पास से विभिन्न बैंकों के कुल नौ एटीएम कार्ड, वीवो कंपनी के तीन चालू स्मार्टफोन और ओप्पो कंपनी का एक स्मार्टफोन बरामद किया। इसके अलावा राजेश के नाम से जारी आधार कार्ड, पैन कार्ड और 220 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
दूसरे लोगों के खातों का करते थे इस्तेमाल
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे दूसरे व्यक्तियों के नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इन खातों से जुड़े एटीएम कार्ड और मोबाइल नंबर हासिल कर साइबर ठगी की रकम उन खातों में मंगाई जाती थी। इसके बाद एटीएम कार्ड और लिंक मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर रकम निकालने की बात सामने आई है।
BNS और IT Act के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने बरामद सामानों को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में साइबर थाना कांड संख्या 41/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के अलावा आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के तहत कार्रवाई की गई है।
छापेमारी टीम में सेक्टर-6 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विक्रांत कुमार, साइबर थाना के इंस्पेक्टर पिंकु कुमार तथा पुलिस अवर निरीक्षक गौरव गोयल और संत कुमार मेहता शामिल थे।
