Report by Om Prakash Sehgal


Petarwar (Bokaro): पेटरवार थाना क्षेत्र की दारिद पंचायत के लूकैया गांव में सरकारी तालाब में जहरीला पदार्थ डालकर मछलियों को मारने का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह मछली पालक के तालाब पहुंचने पर किनारे और पानी में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां तैरती मिलीं। घटना में करीब 70 हजार रुपये की मछलियों के नुकसान का दावा किया गया है।
तालाब के पास मिलीं कीटनाशक की खाली बोतलें
मछलियों के मरने की सूचना मिलने के बाद तालाब के आसपास जांच की गई। इस दौरान तालाब के समीप कीटनाशक की खाली बोतलें मिलने से जहरीला पदार्थ डालकर मछलियों को मारने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद मछली पालक में आक्रोश है।

तीन वर्षों से कर रहे थे मछली पालन
मछली पालक शंकर कुमार केवट ने बताया कि वह महिला समिति और समाज से ऋण लेकर पिछले तीन वर्षों से सरकारी तालाब को लीज पर लेकर मछली पालन कर रहे हैं। इसी आमदनी से उनके परिवार का भरण-पोषण होता है। उन्होंने बताया कि घटना के कारण बड़ी संख्या में मछलियां मर गईं, जिससे उन्हें करीब 70 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने मामले को लेकर पेटरवार थाना में लिखित आवेदन दिया है। उन्होंने पुलिस से घटना की जांच कर दोषियों की पहचान करने, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच के बाद घटना के कारणों और जिम्मेदार लोगों का पता लगाने में जुटी है।
