Bokaro: ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत जिला समाज कल्याण शाखा, बोकारो की ओर से जिले के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में किशोरियों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर विशेष एनीमिया जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों में एनीमिया की समय पर पहचान करने के साथ इसके कारण, बचाव और उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।


किशोरियों की एनीमिया जांच कर दी गई जरूरी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों में मौजूद किशोरियों की एनीमिया जांच की गई। इसके साथ ही उन्हें एनीमिया के प्रमुख लक्षण, कारण, बचाव और उपचार के बारे में आवश्यक जानकारी दी गई। किशोरियों को बताया गया कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और आयरन युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन एनीमिया की रोकथाम में अहम भूमिका निभाता है।
माहवारी स्वच्छता और पोषण पर भी जोर
जागरूकता कार्यक्रम में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा की गई। किशोरियों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को अपने दैनिक आहार में शामिल करने तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया।

आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन की दी सलाह
सीथ्री संस्था, बोकारो के कार्यक्रम पदाधिकारी निलेश कुमार ने किशोरियों को संबोधित करते हुए कहा कि एनीमिया से बचाव के लिए दैनिक आहार में स्थानीय एवं मौसमी फल, हरी पत्तेदार सब्जियां, दाल, चना, गुड़ सहित आयरन और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित आयरन-फोलिक एसिड (आईएफए) की खुराक का नियमित सेवन करने के लिए भी किशोरियों को प्रेरित किया।
स्वस्थ किशोरी से बनेगा सशक्त समाज
कार्यक्रम के माध्यम से किशोरियों को संदेश दिया गया कि स्वस्थ किशोरी ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला है। जिला प्रशासन की ओर से किशोरियों के स्वास्थ्य, पोषण और समग्र विकास को लेकर जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच से जुड़ी गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।
