Bokaro: दुगदा थाना क्षेत्र के दुगदा दक्षिणी पंचायत अंतर्गत प्रेमनगर पहाड़ी में बिजली कनेक्शन ठीक करने के दौरान 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो सगे भाई घायल हो गए। हादसे में एक भाई करंट से झुलस गया, जबकि दूसरा ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण गंभीर रूप से चोटिल हो गया। दोनों को बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) में भर्ती कराया गया है।
बिजली कनेक्शन ठीक करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, महावीर राम अपने दो बेटों, 17 वर्षीय राजीव कुमार और 20 वर्षीय दीपक कुमार के साथ घर का बिजली कनेक्शन ठीक कर रहे थे। इसी दौरान बिजली का तार सड़क किनारे से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। हादसे में दीपक कुमार करंट से झुलस गए, जबकि राजीव कुमार करंट की चपेट में आने के बाद ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई।

डीवीसी अस्पताल से बीजीएच रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल डीवीसी अस्पताल, चंद्रपुरा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बीजीएच, बोकारो रेफर कर दिया।

संतोष पांडे ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
घटना की जानकारी मिलने पर चंद्रपुरा जिला परिषद क्षेत्र संख्या-12 के सदस्य संतोष पांडे बीजीएच पहुंचे और दोनों घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और अपने स्तर से आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही आश्वासन दिया कि इलाज के दौरान या आगे किसी भी तरह की परेशानी होने पर उन्हें तुरंत सूचित करें। उन्होंने हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।
