Bokaro: मिथिला सांस्कृतिक परिषद्, बोकारो की इकाई मिथिला महिला समिति की ओर से नवरात्रि के अवसर पर शनिवार की शाम सेक्टर-4 स्थित मिथिला एकेडमी पब्लिक स्कूल के विद्यापति सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें भक्ति गीतों और पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से मां दुर्गा की आराधना की गई।

भक्ति गीतों से भक्तिमय हुआ वातावरण
समिति की अध्यक्ष पूनम मिश्रा और सचिव आभा झा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने मां दुर्गा की आरती की। इस दौरान ‘जय जय भैरवि असुर भयाउनि पशुपति भामिनी माया’ और ‘जगदंब अहीं अवलंब हमर हे माय, अहां बिनु आस ककर’ जैसे भक्ति गीतों की सुमधुर प्रस्तुति से सभागार भक्तिमय हो उठा। किरण मिश्रा, आशा झा, रंजना और पूनम सहित अन्य सदस्यों ने भक्ति गीत प्रस्तुत किए।
झिझिया और डांडिया नृत्य ने मोहा मन
कार्यक्रम में समिति की सदस्याओं ने मिथिला की पारंपरिक झिझिया नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति दी। इसके बाद गुजराती डांडिया नृत्य ने भी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बीनू चौधरी, बबीता झा, रुचि प्रेरणा और विनीता राय ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।

विद्यालय को भेंट किए दो वाटर फिल्टर
सामाजिक सरोकार के तहत मिथिला महिला समिति ने विद्यालय को 50 लीटर क्षमता वाले दो वाटर फिल्टर भेंट किए। अध्यक्ष पूनम मिश्रा ने सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समिति मिथिला की कला-संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ समाजसेवा के कार्यों में भी सक्रिय रहती है।
