Bokaro: श्रीमद्भगवद्गीता के ज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चिन्मय मिशन बोकारो की ओर से रविवार, 11 अक्टूबर को चिन्मय विद्यालय बोकारो में राज्य स्तरीय गीता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें झारखंड के विभिन्न शहरों से चयनित 72 विद्यार्थियों ने गीता के 12वें अध्याय ‘भक्तियोग’ का पाठ किया।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मिशन की आवासीय आचार्या स्वामिनी संयुक्तानंदा सरस्वती ने भक्तियोग का महत्व बताते हुए कहा कि मनुष्य जीवन का आधार भक्ति है। मुख्य अतिथि सेल बोकारो रिफ्रैक्ट्री यूनिट के कार्यकारी निदेशक पी. के. रथ ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता का नियमित पाठ व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाता है।

विभिन्न समूहों में विद्यार्थियों ने हासिल किए शीर्ष स्थान
प्रतियोगिता में छह समूहों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। ग्रुप-ए में नव्या झा प्रथम, गरिमा टंडन द्वितीय और आंशी पंडित तृतीय रहीं। ग्रुप-बी में दृष्टि मंडल, वंश राज और अनुबा आनंद ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।

ग्रुप-सी में सायन प्रथम, श्रेयसी द्वितीय और अद्विक वर्मा तृतीय रहे। ग्रुप-डी में शताब्दी विश्वास, राविका झा और इपिल मुर्मू ने शीर्ष तीन स्थान हासिल किए। ग्रुप-ई में ज्ञाना श्री, सौमिक चटर्जी और मंत्रम मिश्रा तथा ग्रुप-एफ में अजेता श्री कनौजिया, सृष्टि मिश्रा और जिज्ञांशा साहु क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे।
विद्यार्थियों को किया प्रोत्साहित
कार्यक्रम में मिशन के अध्यक्ष बिस्वरूप मुखोपाध्याय, सचिव हरिहर राउत, विद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षक और निर्णायक मंडली के सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में चिन्मय मिशन, चिन्मय विद्यालय और चिन्मय ट्रांसफॉर्मेशन सर्किल के विद्यार्थियों ने योगदान दिया।
