Bokaro: जिला प्रशासन के अनुसार, रविवार सुबह सियालजोरी स्थित वेदांता ईएसएल स्टील लिमिटेड के प्लांट में जिस गैस की चपेट में आने से दो कर्मचारियों की मौत हुई, प्रारंभिक जांच में उसकी पहचान कार्बन मोनोऑक्साइड के रूप में हुई है। मृतकों में कंपनी के एक शिफ्ट इंचार्ज और एक इंजीनियर शामिल हैं। घटना को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने जांच कमेटी गठित की है। एसडीओ चास प्रांजल ढांडा के नेतृत्व में गठित कमेटी को 72 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।

उधर बोकारो के उप मुख्य कारखाना निरीक्षक (Dy. Chief Inspector of Factories, Bokaro) एवं चास के कार्यपालक दंडाधिकारी ने प्लांट की तकनीकी टीम के साथ घटनास्थल का दौरा किया। वर्तमान आकलन के आधार पर उन्होंने घटनास्थल को सुरक्षित घोषित करने की प्रक्रिया शुर कर दी है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। कंपनी स्तर से भी मामले की जांच जारी है।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, प्लांट परिसर में गैस की चपेट में आने से दोनों कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के संपर्क में आने की बात सामने आई है।

गैस रिसाव नियंत्रित, अधिकारी कर रहे निगरानी
घटना के बाद प्लांट परिसर में गैस रिसाव को नियंत्रित कर लिया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। एसडीओ चास, फैक्ट्री इंस्पेक्टर, बीडीओ/सीओ सहित संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था की भी होगी पड़ताल
उपायुक्त ने एसडीओ को घटना के सभी पहलुओं की जांच कर निर्धारित समय-सीमा में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। जांच के दौरान हादसे से जुड़े तथ्यों और गैस रिसाव की परिस्थितियों की पड़ताल की जाएगी। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की लोगों से अपील
जिला प्रशासन ने आम लोगों से घबराने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
