Bokaro: विद्यार्थियों के मानसिक, भावनात्मक और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देने की दिशा में श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल, बोकारो ने नई पहल की है। स्कूल ने कोहाई सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से समग्र छात्र कल्याण कार्यक्रम शुरू किया है। संस्थान के अनुसार, झारखंड में इस कार्यक्रम को शुरू करने वाला यह पहला स्कूल है।


निःशुल्क ऑनलाइन असेसमेंट से होगी शुरुआत
‘विकसित भारत: ग्लोबल सिटीजन’ अभियान से जुड़ी इस पहल के तहत 5 से 12 अक्टूबर 2026 तक परिसर में ऑनलाइन असेसमेंट आयोजित किया गया। इसके आधार पर विद्यार्थियों की व्यक्तिगत रिपोर्ट और कक्षा-वार एवं समूह-वार विश्लेषण तैयार किए जाएंगे, जिससे उनके व्यवहार संबंधी रुझानों को समझने में मदद मिलेगी।
27 से 30 अक्टूबर तक परामर्श सत्र
डेटा विश्लेषण के बाद 27 से 30 अक्टूबर तक विद्यार्थियों के लिए व्यक्तिगत परामर्श सत्र आयोजित किए जाएंगे। आगे भी मासिक परामर्श और समूह कार्यशालाओं की व्यवस्था रहेगी। अभिभावकों की सहमति से व्यक्तिगत सत्र आयोजित होंगे, जबकि शिक्षकों और अभिभावकों को भी कार्यशालाओं में शामिल किया जाएगा। कार्यक्रम छात्रों और अभिभावकों के लिए निःशुल्क है।

मानसिक और भावनात्मक विकास पर जोर
स्कूल के अध्यक्ष पी. राजागोपाल ने इसे विद्यार्थियों के समग्र स्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता बताया। वहीं, निदेशक डॉ. एस. एस. महापात्रा ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर उनके व्यक्तित्व को समझना जरूरी है।
अभिभावकों से भागीदारी की अपील
प्रधानाचार्या पी. शैलजा जयकुमार ने अभिभावकों से आगामी परामर्श सत्रों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। ऑनलाइन असेसमेंट का संचालन कोहाई सॉल्यूशंस के सीईओ अमृत राज, तकनीकी विशेषज्ञों और उप-प्रधानाचार्य सुरेश बाबू के समन्वय से किया गया।
