Bokaro: गोमिया थाना क्षेत्र के तेतरियाटांड़ गांव से अपहृत नाबालिग लड़की को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया है। पुलिस के अनुसार, आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।


सोशल मीडिया पर विवादित फोटो अपलोड करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को नाबालिग के पिता ने गोमिया थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया गया है और उसकी विवादित तस्वीर सोशल मीडिया पर अपलोड की गई है। शिकायत के आधार पर गोमिया थाना कांड संख्या 130/2026 दर्ज किया गया।
पॉक्सो और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1), 137(2) और 352 के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6, 11, 12 एवं 23 तथा आईटी एक्ट की धारा 66(E) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग को बरामद किया। छापेमारी दल में गोमिया अंचल के पुलिस निरीक्षक अनिल कच्छप, थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो, पुलिस अवर निरीक्षक बिरसा बाड़ा, सहायक अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार तथा तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी एवं सशस्त्र बल शामिल थे।
आपातकालीन पुलिस सहायता: 112
