बोकारो: सेक्टर-1 स्थित संत जेवियर्स स्कूल में सोमवार को शिक्षकों के व्यावसायिक कल्याण (प्रोफेशनल वेलबीइंग) और सामाजिक-भावनात्मक सीख (सोशल इमोशनल लर्निंग-SEL) विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्देश्य शिक्षकों को तनाव प्रबंधन, भावनात्मक मजबूती और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के प्रति जागरूक करना था।

शिक्षक विद्यार्थियों के मार्गदर्शक की भूमिका निभाएं : फादर अरुण
कार्यशाला का उद्घाटन प्राचार्य फादर अरुण मिंज एसजे, कोषाध्यक्ष फादर थॉमस रोड्रिग्स, उप प्राचार्य देवाशीष गुप्ता, दीपक चौधरी, सिस्टर सुनीता और सिस्टर अनुपमा ने संयुक्त रूप से किया। फादर अरुण ने कहा कि तनावमुक्त और भावनात्मक रूप से सशक्त शिक्षक ही कक्षा में सकारात्मक वातावरण का निर्माण कर सकता है। आज शिक्षक की भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास और आलोचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करना भी उनकी जिम्मेदारी है।

तनाव प्रबंधन और वर्क-लाइफ बैलेंस के बताए गुर
स्कूल काउंसलर मनीष कुमार ने संवादात्मक गतिविधियों, रोल-प्ले और समूह चर्चा के माध्यम से शिक्षकों को तनाव प्रबंधन, भावनात्मक बुद्धिमत्ता और कार्य-जीवन संतुलन बनाए रखने के व्यावहारिक तरीके बताए। शिक्षकों ने भी अपने अनुभव और कार्यस्थल की चुनौतियां साझा कीं।

पाठ योजना में SEL गतिविधियों को शामिल करने पर जोर
कार्यशाला के दूसरे चरण में विद्यार्थियों में सहानुभूति, आत्म-जागरूकता, भावनात्मक नियंत्रण और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया गया। शिक्षकों को दैनिक पाठ योजना में सामाजिक-भावनात्मक सीख से जुड़ी गतिविधियां शामिल करने के तरीके बताए गए। मौके पर निबंधक सोनिया सोलोमन, सहायक अर्चना कुमारी सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
