Bokaro: शहर के सेक्टर-2 इलाके में पुलिस विभाग के एक सहायक अवर निरीक्षक (ASI) की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सेक्टर-2C स्थित क्वार्टर नंबर 045 से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया की क्वार्टर का दरवाजा अंदर से बंद है। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर ASI इमामवेल बास्की (45) का शव पड़ा मिला।

पुलिस लाइन में थे पदस्थापित, क्वार्टर में अकेले रहते थे
मृतक इमामवेल बास्की बोकारो पुलिस लाइन में पदस्थापित थे। जानकारी के मुताबिक, वह क्वार्टर में अकेले रह रहे थे। कई घंटों तक क्वार्टर से बाहर नहीं निकलने और अंदर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सिटी थाना प्रभारी ममता कुमारी ने कहा कि शव सड़ी-गली अवस्था में मिला। इसलिए मौत के कारण का पता नहीं चल पा रहा था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ASI बास्की मूल रूप से गोड्डा के रहने वाले थे। उनकी पत्नी को घटना की सूचना दे दी गई है और परिजन बोकारो पहुंच रहे हैं।

