Bokaro: तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत बोकारो के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में सोमवार को विशेष छापेमारी एवं जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में स्थित आठ दुकानों की जांच की गई। इनमें चार दुकानों पर तंबाकू नियंत्रण कानून (कोटपा) का उल्लंघन पाए जाने पर दुकानदारों पर कुल ₹2,000 का जुर्माना लगाया गया।

पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई
यह अभियान बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सेक्टर-6 थाना प्रभारी विक्रांत कुमार और राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के जिला परामर्शी मोहम्मद असलम के संयुक्त नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के दौरान थाना प्रभारी ने सेक्टर-5 पेट्रोल पंप के सामने स्थित पांडे दुकान के संचालक को दुकान के पीछे खुले में धूम्रपान की अनुमति नहीं देने का निर्देश दिया। वहीं, डीपीएस जूनियर स्कूल के आसपास की दुकानों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने की हिदायत दी गई।

100 गज के दायरे में बिक्री पर प्रतिबंध
जिला परामर्शी मोहम्मद असलम ने बताया कि कोटपा-2003 और झारखंड संशोधन अधिनियम, 2021 के तहत शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी भवनों, अस्पतालों एवं न्यायालयों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित है। 21 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचना भी नियमों के विरुद्ध है।

नियमित जारी रहेगा जांच अभियान
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाना और जिले में तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करना है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी कार्रवाई होगी। अभियान में सेक्टर-6 थाना की पूरी टीम मौजूद रही।
