Bokaro: बोकारो जिले में विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं को गति देने के लिए उपायुक्त अजय नाथ झा ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक की। इसमें डीएमएफटी (DMFT), कल्याण एवं विकास योजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित एजेंसियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
एजेंसियों को गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
डीएमएफटी के तहत संचालित योजनाओं की एजेंसीवार समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी एजेंसियां कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करें, ताकि योजनाओं का लाभ निर्धारित समय पर आम लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार को योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

दिसंबर में होगी DMFT गवर्निंग कमेटी की बैठक
उपायुक्त ने डीएमएफटी योजनाओं की अद्यतन स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और दिसंबर माह में डीएमएफटी गवर्निंग कमेटी की बैठक आयोजित करने की तैयारी करने को कहा।
लुगुबुरू महोत्सव और स्थापना दिवस पर भी निर्देश
बैठक में मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने लुगुबुरू महोत्सव के सफल आयोजन पर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही झारखंड राज्य स्थापना दिवस पर विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी जुटाकर समेकित रिपोर्ट तैयार करने को कहा।
बैठक में प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, जिला खनन पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
