Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) में सोमवार की सुबह अचानक हुए ब्लैकआउट से हड़कंप मच गया। सुबह करीब 6:30 बजे बिजली आपूर्ति बाधित होने से प्लांट की कई उत्पादन इकाइयों के साथ पूरे बीएसएल टाउनशिप की बिजली गुल हो गई। दो घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। इस घटना से बोकारो पावर सप्लाई कंपनी प्राइवेट लिमिटेड (BPSCL) का बिजली उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हुआ और करीब 160 मेगावाट का उत्पादन अचानक शून्य पर पहुंच गया।

11 केवी क्यूबिकल में फ्लैशओवर से हुई घटना
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बीपीएससीएल (BPSCL) के थर्मल पावर प्लांट स्थित 11 केवी क्यूबिकल-82 में फ्लैशओवर होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। इसके परिणामस्वरूप बोकारो स्टील प्लांट (BSL) की विभिन्न इकाइयों, खासकर ब्लास्ट फर्नेस और उससे जुड़े उपकरणों की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित हो गई।

युद्धस्तर पर शुरू हुआ रेस्टोरेशन का काम
घटना के बाद ए और जनरल शिफ्ट में ड्यूटी पहुंचे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। करीब ढाई घंटे तक युद्धस्तर पर मरम्मत और रेस्टोरेशन का काम चला। सातों बॉयलर और टर्बो ब्लोअर को दोबारा चालू करने की प्रक्रिया शुरू की गई। बताया जा रहा है कि, सुबह 8:30 बजे से ब्लास्ट फर्नेस को पूरी तरह बहाल करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही धीरे-धीरे प्रभावित शॉप्स की भी बिजली आपूर्ति शुरू की गई है।

फेजवाइज बहाल की गई बिजली आपूर्ति
बीएसएल की विभिन्न उत्पादन इकाइयों में बिजली आपूर्ति सामान्य करने के बाद टाउनशिप के सेक्टरों में चरणबद्ध तरीके से बिजली बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हालांकि, बिजली उत्पादन और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य होने में कुछ और समय लगने की संभावना जताई गई। सोमवार शाम तक उत्पादन और आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है। वहीं, पहले से निर्धारित शटडाउन के कारण हॉट स्ट्रिप मिल (HSM) इस बिजली संकट से अप्रभावित रही।
जांच के लिए गठित हुई कमेटी
बीपीएससीएल के सीईओ सुधीर व्यास ने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, बीएसएल के प्रवक्ता मणिकांत धान से संपर्क किए जाने पर उन्होंने बताया कि प्रभावित इकाइयों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है और सभी शॉप्स सामान्य रूप से काम कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार, पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए बीएसएल प्रबंधन ने एक इन्क्वायरी कमेटी भी गठित की है।
