Bokaro : एक पत्नी की आंखें आज भी अपने लापता पति की राह देख रही हैं। हर गुजरते दिन के साथ उसके लौटने की उम्मीद कमजोर पड़ रही है, लेकिन इंतजार खत्म नहीं हुआ है। घर का कमाने वाला सदस्य एक साल से लापता है। न कोई फोन, न कोई खबर और न ही उसके जिंदा होने की कोई जानकारी। दर्द और बेबसी की इस कहानी में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कृपा सिंधु महतो कहां हैं ? और अगर वह लापता हैं, तो उनके खिलाफ चोरी का मुकदमा कैसे दर्ज हो गया ?

पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के आमडीहा गांव की रहने वाली अंजना देवी अब अपने पति की तलाश के लिए बोकारो एसपी के दरवाजे पहुंची हैं। 18 नवंबर को दिए गए आवेदन में उन्होंने अपने पति कृपा सिंधु महतो को खोजने और उनके खिलाफ दर्ज मामले की निष्पक्ष जांच कराने की गुहार लगाई है। एसपी को आवेदन दिए जाने के बाद आज रविवार को सेक्टर 6 थाने में अंजना देवी के आवेदन पर FIR दर्ज़ हो गया। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।

मेस में काम करने गए पति का नहीं मिला सुराग
अंजना देवी के मुताबिक, उनके पति सेक्टर-6 में एस गुप्ता द्वारा संचालित मेस में काम करते थे। जब उन्हें पति के वहां काम करने की जानकारी मिली तो वह उन्हें खोजते हुए मेस पहुंचीं। वहां संचालक ने बताया कि उनके पति काम तो करते हैं, लेकिन फिलहाल कहीं बाहर गए हुए हैं। पत्नी काफी देर तक इंतजार करती रहीं, फिर खाली हाथ घर लौट आईं। इसके बाद भी कई बार पति के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

दुर्गापूजा के दौरान आया फोन, फिर बढ़ गई परेशानी
अंजना देवी के अनुसार, दुर्गापूजा 2025 के दौरान अचानक मेस संचालक का फोन आया। उन्हें बताया गया कि उनके पति उसकी स्कूटी लेकर कहीं चले गए हैं। परिवार ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन कृपा सिंधु का कहीं पता नहीं चला। पत्नी का कहना है कि उन्होंने पिंड्राजोरा और सेक्टर-6 थाना में आवेदन देकर पति की तलाश कराने की कोशिश की, लेकिन उस समय उनका आवेदन स्वीकार नहीं किया गया।
जिस पति को खोज रही थी पत्नी, उसी पर दर्ज हो गया केस
कुछ दिनों बाद अंजना देवी को पता चला कि मेस संचालक एस गुप्ता ने 18 अक्टूबर 2025 को सेक्टर-6 थाना में उनके पति के खिलाफ स्कूटी गायब करने का केस दर्ज करा दिया है। एक तरफ पत्नी अपने पति को ढूंढ़ रही थी, दूसरी तरफ उनके खिलाफ चोरी का मामला दर्ज हो चुका था। अंजना देवी ने आवेदन में आशंका जताई है कि उनके पति के साथ कोई अप्रिय घटना हुई हो सकती है और परिवार पर दबाव बनाने के लिए उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि एस गुप्ता इस बात से चिंतित थे कि कही उस स्कूटी का इस्तेमाल गलत काम में न हो इस लिए उन्होंने पुलिस में मामला दर्ज़ करा दिया।
मजदूरी कर रही पत्नी का एक ही सवाल- कहां हैं मेरे पति ?
इधर अंजना देवी का कहना है कि वह एक ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर महिला हैं। मजदूरी कर किसी तरह परिवार का गुजारा करती हैं। पति के लापता होने का दर्द अलग है और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर थाने के चक्कर लगाने की परेशानी अलग। एक साल से अधिक समय बीत गया, लेकिन न पति घर लौटे और न उनकी कोई खबर मिली।
अब अंजना देवी ने एसपी से गुहार लगाई है कि मेस संचालक की भूमिका की जांच हो और उनके पति की तलाश के लिए गंभीरता से कार्रवाई की जाए। उनके लिए फिलहाल मुकदमे से भी बड़ा सवाल अपने पति की सलामती है। वह सिर्फ इतना जानना चाहती हैं कि आखिर उनके पति किस हाल में हैं और क्या वह कभी वापस घर लौटेंगे ?
