Bokaro: राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर शनिवार को बाल विकास परियोजना बीएस सिटी कार्यालय में परियोजना स्तरीय पौष्टिक भोजन व्यंजन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें आंगनबाड़ी सेविकाओं ने मिलेट्स और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अनाजों से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और छोटे बच्चों के लिए स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार कर प्रदर्शित किए।

रागी के पौष्टिक लड्डू को मिला पहला स्थान
प्रतियोगिता में आजाद नगर उत्तर-दक्षिण सब्जी बाजार केंद्र की आंगनबाड़ी सेविका कांति देवी ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया। उन्होंने रेडी-टू-ईट सामग्री और रागी के मिश्रण से पौष्टिक लड्डू तैयार किया था। इसे बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए उपयोगी बताया गया।
रागी-गुड़ के लड्डू को दूसरा पुरस्कार
सोनाटांड़-2 की सेविका शकुंतला देवी को रागी और गुड़ से तैयार लड्डू के लिए द्वितीय पुरस्कार मिला। वहीं दुन्दीबाग सरदार टोला की सेविका जौली कौर ने आरटीई पैकेट और सूजी से बच्चों के लिए नमकीन व्यंजन तैयार कर तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।

पौष्टिकता और गुणवत्ता के आधार पर हुआ चयन
व्यंजनों का मूल्यांकन उनकी गुणवत्ता, तैयार करने में लगने वाले समय और पौष्टिकता के आधार पर किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
पोषण जागरूकता रैली निकालकर दिया संदेश
कार्यक्रम के बाद आंगनबाड़ी सेविकाओं और महिला पर्यवेक्षकों ने क्षेत्र में पोषण जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान आम लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक खान-पान के प्रति जागरूक किया गया। मौके पर महिला पर्यवेक्षिका सभ्यता पुष्प, प्रीति कुमारी, रेणु कुमारी और अरुणा कुमारी सहित अन्य मौजूद रहीं।
