बालू के खेल में एक मोहरा पकड़ उपलब्धि बता रहा प्रशासन
Bokaro: बोकारो के चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र में जहां हर दिन अवैध कोयला और बालू से लदे सैकड़ों ट्रैक्टर, साइकिल और बाइक बेखौफ गुजरते हैं, वहीं बुधवार को खनन विभाग ने अपनी “ऐतिहासिक” कार्रवाई में एक ट्रैक्टर जब्त कर प्रशासनिक साहस का परिचय दिया। इस उपलब्धि की सूचना तत्काल मीडिया तक पहुंचाई गई, ताकि जनता इस बहादुरी से अवगत हो सके।

क्यों नहीं पुलिस ने पकड़ा ?
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस रास्ते से रोज खुलेआम अवैध खनिज परिवहन होता है, वहां एक ट्रैक्टर पकड़ना भी किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं माना जा रहा। कुछ लोगों ने तंज कसते हुए कहा कि कम से कम खनन विभाग ने एक ट्रैक्टर तो पकड़ा, जबकि चास मुफस्सिल पुलिस तो वह भी नहीं कर पाती।
कहा से लाया जा रहा था अवैध बालू ?
इधर प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि कालापाथर के समीप मुख्य पथ पर छापामारी अभियान चलाया गया, जिसमें अवैध रूप से बालू ले जा रहे एक ट्रैक्टर को जब्त कर थाना को सुपुर्द किया गया। मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। वैसे प्रेस विज्ञप्ति में ये नहीं बताया गया है कि ये अवैध बालू कहा से खनन कर लाया जा रहा था।

प्रसाशन का दावा
छापामारी दल में खान निरीक्षक सीताराम टुडू, अजय कुमार महतो और पुलिस बल मौजूद रहे। प्रशासन ने दावा किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। हालांकि जनता अब बड़े सवाल पूछ रही है – क्या एक ट्रैक्टर की जब्ती से सचमुच बालू माफिया पर शिकंजा कस गया?

