15 बिंदु, 15 वादे… उड़ान अब भी भविष्य काल में
Bokaro: शहर के सबसे चर्चित और लंबे समय से अटके मुद्दे – एयरपोर्ट से हवाई उड़ान – को लेकर एक बार फिर प्रशासनिक हलचल तेज हुई है। समाहरणालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त अजय नाथ झा ने संबंधित विभागों के साथ विस्तृत चर्चा कर प्रगति का आकलन किया। हालांकि बैठक में वही 15 बिंदु केंद्र में रहे, जिन पर पिछले तीन-चार वर्षों से लगातार चर्चा होती रही है। फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार एक नई समयसीमा तय की गई है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, वन पदाधिकारी संदीप शिंदे, डीएसपी आईबी नेहा गडकरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि बोकारो एयरपोर्ट का संचालन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और सभी एजेंसियों को समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लानी होगी।
सुरक्षा पर फोकस, 15 मई और 15 जून की डेडलाइन
दुंडीबाग क्षेत्र में अतिक्रमण मुक्त क्षेत्र की बैरिकेडिंग 15 मई तक पूरी करने तथा पुलिस पिकेट निर्माण के निर्देश दिए गए। साथ ही पूरे शहर, विशेषकर एयरपोर्ट क्षेत्र में 15 जून तक सीसीटीवी अधिष्ठापन, प्रशिक्षित पुलिस बल की तैनाती और फायर ब्रिगेड के परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया।

तकनीकी प्रक्रियाएं अब भी जारी
एएआई और बीएसएल के बीच एमओयू नवीनीकरण की प्रक्रिया जारी है। नक्शों में संशोधन, बम थ्रेट कंटिजेंसी प्लान, बीसीएएस सुरक्षा क्लियरेंस और डीजीसीए लाइसेंस जैसे अहम तकनीकी कार्य अभी प्रगति पर हैं। प्रशासन ने इन्हें माहांत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
जमीनी काम भी तेज करने के निर्देश
एयरपोर्ट के लिए एंबुलेंस, एयरक्राफ्ट वाहन, सीटीओ स्वीकृति और सतनपुर पहाड़ी पर ऑब्स्ट्रक्शन लाइट लगाने की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में बताई गई। वहीं एयरपोर्ट परिसर और रनवे क्षेत्र की झाड़ियों की सफाई के लिए भी निर्देश जारी हुए।
अब सवाल वही पुराना है – क्या इस बार तय समयसीमा के भीतर काम पूरे होंगे, या बोकारो एयरपोर्ट की उड़ान फिर फाइलों में ही अटकी रह जाएगी?

