Bokaro: आगामी 3 मई को आयोजित होने वाली नीट-यूजी 2026 परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना की संयुक्त अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिले में परीक्षा के लिए कुल आठ केंद्र बनाए गए हैं, जहां शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में परीक्षा के नोडल पदाधिकारी जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. सफीक आलम और जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि डीईओ, परीक्षा समन्वयक एवं संबंधित डीएसपी संयुक्त रूप से सभी केंद्रों का निरीक्षण कर आधारभूत सुविधाओं का जायजा लें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी, बायोमेट्रिक मशीन और अन्य तकनीकी व्यवस्थाएं समय पर संबंधित एजेंसी द्वारा स्थापित की जाएं। इसके लिए उप विकास आयुक्त को वरीय नियंत्रक पदाधिकारी नामित किया गया है।

सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती होगी। मीडिया समन्वय की जिम्मेदारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को सौंपी गई है।
उपायुक्त ने कहा कि पूर्व की बड़ी परीक्षाओं की तरह इस बार भी अचूक व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने शिक्षकों, वीक्षकों और कर्मियों के सहयोग की सराहना करते हुए भरोसा जताया कि नीट-यूजी 2026 भी शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न होगी।

