Bokaro: खेल के मैदान में जब बेटियां उतरती हैं, तो सिर्फ मुकाबला नहीं होता-एक नई कहानी लिखी जाती है। सोमवार को जिला प्रशासन बोकारो के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय अस्मिता सिटी लीग 2026 ने इसी जज्बे को नई पहचान दी। जिले भर से करीब 300 बालिकाओं और महिला खिलाड़ियों ने भाग लेकर यह साबित कर दिया कि सपनों की उड़ान अब किसी सीमा की मोहताज नहीं।

तीरंदाजी, फुटबॉल और एथलेटिक्स में दिखा दमदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता में तीरंदाजी, फुटबॉल और एथलेटिक्स की कई स्पर्धाओं ने दर्शकों को रोमांचित किया। 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ से लेकर लंबी कूद, ऊंची कूद और शॉट पुट तक खिलाड़ियों ने अपने हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। फुटबॉल ओपन वर्ग में चिन्मया विद्यालय, बोकारो ने खिताब अपने नाम किया, जबकि बांसगोड़ा टीम उपविजेता रही।
तीरंदाजी में चमकीं बेटियां
रिकर्व वर्ग में प्रियंका मधु ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि यावना दूसरे और हरलीन कौर तीसरे स्थान पर रहीं। कम्पाउंड वर्ग में आरती कुमारी ने बाजी मारी। वहीं इंडियन राउंड में अनु कुमारी ने शानदार प्रदर्शन कर पहला स्थान प्राप्त किया।

राज्य स्तर तक पहुंचेगा संघर्ष का सफर
समापन समारोह में विजेताओं को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि सभी स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली खिलाड़ी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून ने कहा कि यह मंच बेटियों के सपनों को नई दिशा देने का प्रयास है। अस्मिता सिटी लीग ने यह साबित कर दिया कि बोकारो की बेटियां अब सिर्फ भाग नहीं ले रहीं, बल्कि जीतने का इतिहास रच रही हैं।

