Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) में प्रस्तावित 40 प्रतिशत मजदूरों की छंटनी के विरोध में श्रमिक संगठनों का आंदोलन तेज हो गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य एवं जय झारखंड मजदूर समाज के महामंत्री बी.के. चौधरी ने मंगलवार को कहा कि मजदूर विरोधी नीतियों और प्लांट को कमजोर करने की साजिश के खिलाफ 29 अप्रैल 2026 को शाम पांच बजे सेक्टर-4 स्थित गांधी चौक पर इस्पात सचिव संदीप पौंड्रीक का पुतला दहन किया जाएगा।

वर्ष 2025-26 में 20 प्रतिशत मजदूरों की छंटनी की जा चुकी है, जबकि शेष 20 प्रतिशत छंटनी 2026-27 में प्रस्तावित है। इसी के विरोध में विभिन्न विभागों में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। सीआरएम-1, 2 और 3 के मजदूरों को संबोधित करते हुए उन्होंने 12 मई 2026 को प्लांट गोलचक्कर से ईडी वर्क्स कार्यालय तक “हल्ला बोल” प्रदर्शन की घोषणा भी की।
बी.के. चौधरी ने कहा कि सेल में सर्वाधिक उत्पादन, मुनाफा और कैश कलेक्शन के मामले में बोकारो स्टील ने रिकॉर्ड कायम किया है। यह उपलब्धि मजदूरों की मेहनत का परिणाम है, लेकिन उन्हें सम्मान देने के बजाय छंटनी की नीति अपनाई जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक प्रतिष्ठानों को निजी हाथों में सौंपने की रणनीति के तहत बोकारो स्टील को कमजोर किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता माणिक चंद साह ने की, जबकि संचालन एन.के. सिंह ने किया। मौके पर कई श्रमिक नेता उपस्थित रहे।

