Steel Authority of India Limited (सेल) में मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) के रूप में वरिष्ठ अधिकारी दिलीप कुमार ने रविवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। वे इंडियन रेलवे सर्विस ऑफ मैकेनिकल इंजीनियर्स (आईआरएसएमई) के अनुभवी अधिकारी हैं और उन्हें रेलवे संचालन, रोलिंग स्टॉक रखरखाव तथा मानव संसाधन प्रबंधन में दो दशक से अधिक का अनुभव है।

दिलीप कुमार इससे पहले भारतीय रेलवे में कई अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने पूर्व मध्य रेलवे में अपर मंडल रेल प्रबंधक और बिहार के हरनौत स्थित कारखाने में मुख्य कारखाना प्रबंधक के रूप में जिम्मेदारियां निभाई हैं। उनके नेतृत्व में कई नवाचार हुए, जिनमें पूर्व मध्य रेलवे की पहली ISO 9001 प्रमाणित ट्रेन और वैगनों में इन-सिटु व्हील रिप्लेसमेंट तकनीक की शुरुआत शामिल है।
आईआईटी बीएचयू से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक दिलीप कुमार को राष्ट्रीय उत्कृष्ट सेवा पुरस्कार 2016 और रेलवे बोर्ड का उत्कृष्टता प्रमाण पत्र 2018-19 मिल चुका है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने सिंगापुर, मलेशिया और अमेरिका में उन्नत प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उनके अनुभव से सेल की सतर्कता व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।


