Bokaro: जिले के पिण्ड्राजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चकुलिया गांव में घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। मायके जाने की जिद को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी 25 वर्षीय पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बोकारो की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 26 अप्रैल 2026 को सूचना मिली कि चकुलिया गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी है। सूचना के बाद पिण्ड्राजोरा थाना प्रभारी सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि विकास कुमार रजवार ने अपनी पत्नी शानु देवी (25) की हत्या कर दी थी। पुलिस ने घटनास्थल से शव बरामद कर मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार की और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल चास भेज दिया।

मृतका की मां के आवेदन पर दर्ज हुआ मामला
घटना के बाद मृतका की मां सवित्री देवी के लिखित आवेदन पर पिण्ड्राजोरा थाना कांड संख्या 42/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी विकास कुमार रजवार उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि पत्नी के बार-बार मायके जाने की जिद से वह गुस्से में आ गया और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में शानु देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
खून लगी कुल्हाड़ी और बेडशीट बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगी कुल्हाड़ी जब्त कर ली है। साथ ही घटनास्थल से खून से सनी बेडशीट भी बरामद की गई है। दोनों सामानों को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
इलाके में दहशत, पुलिस जांच जारी
इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। घरेलू विवाद का इतना खौफनाक अंजाम पूरे इलाके को झकझोर गया है।

