Bokaro: बालीडीह थाना परिसर में 6 अक्टूबर 2026 को दशहरा पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गा पूजा पंडाल समितियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शांति समिति सदस्यों तथा दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस दौरान पूजा समितियों के सुझाव और अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना गया।

पंडालों की सुरक्षा को लेकर दिए गए निर्देश
थाना प्रभारी बालीडीह ने पूजा पंडालों की सुरक्षा, विसर्जन रूट, डीजे प्रतिबंध, सीसीटीवी कैमरे और क्यू मैनेजमेंट को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रत्येक पंडाल में फायर एक्सटिंग्विशर और फर्स्ट एड किट रखने तथा पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर तैनात करने को कहा गया।
भीड़ वाले इलाकों में ड्रोन से होगी निगरानी
अधिक भीड़ वाले स्थानों पर ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने की बात कही गई। आग लगने की आशंका वाले स्थानों पर नायलॉन रस्सी और प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचने का निर्देश दिया गया। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक गतिविधियों पर नजर रखने की बात कही गई।

पुलिस बल की तैनाती और ट्रैफिक प्लान
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ने कहा कि शांतिपूर्ण दशहरा आयोजन पुलिस, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की सामूहिक जिम्मेदारी है। पूजा पंडालों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती होगी। असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के साथ ट्रैफिक और पार्किंग के लिए अलग योजना तैयार की जा रही है।
विसर्जन के दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का रखें ध्यान
अनुमंडल पदाधिकारी ने विसर्जन की तिथि और समय में एकरूपता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने विसर्जन के दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
