Bokaro: विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को ऊर्जा मेला आयोजित किया जाएगा। विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, चास की ओर से इसका आयोजन लोकोकृत कल्याण मंडप, राजेंद्र नगर में किया जाएगा। मेला सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक चलेगा।

मौके पर होगा बिजली संबंधी शिकायतों का समाधान
ऊर्जा मेले में विद्युत उपभोक्ताओं की विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने की व्यवस्था रहेगी। उपभोक्ता बिजली बिल और बिलिंग से जुड़ी शिकायतों को लेकर पहुंच सकते हैं। इसके अलावा विद्युत विपत्र में सुधार तथा अन्य संबंधित समस्याओं का भी निराकरण किया जाएगा।
मोबाइल नंबर अपडेट समेत मिलेंगी सुविधाएं
मेले में उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर अपडेट करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। बिजली विभाग से संबंधित अन्य शिकायतों को भी संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जा सकेगा, ताकि उनका यथासंभव त्वरित समाधान किया जा सके।

उपभोक्ताओं से ऊर्जा मेले में पहुंचने की अपील
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर ऊर्जा मेले में पहुंचकर अपनी विद्युत संबंधी समस्याओं का समाधान कराएं। इसकी जानकारी कार्यपालक अभियंता चास एस. बी. तिवारी ने मंगलवार शाम दी।
