Bokaro: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने शीर्ष स्तर पर व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अधिशासी निदेशक (ईडी) से लेकर सहायक प्रबंधक (एजीएम/डिप्टी मैनेजर) स्तर तक के अधिकारियों का तबादला किया है। प्रबंधन ने यह कदम उत्पादन, विपणन, खनन गतिविधियों में तेजी लाने तथा विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उठाया है।

बीएसएल के प्रोजेक्ट माइंस विभाग को मिले नए मुख्य महाप्रबंधक
तबादलों के तहत झारखंड ग्रुप ऑफ माइंस के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) सुधीर शर्मा को बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के प्रोजेक्ट माइंस विभाग का नया मुख्य महाप्रबंधक बनाया गया है। वहीं, बीएसएल के प्रोजेक्ट माइंस विभाग के सीजीएम हेमू टोप्पो का स्थानांतरण सेल की रांची इकाई में किया गया है।

अनिल कुमार अरोड़ा नई दिल्ली भेजे गए
सेल मुख्यालय, कोलकाता में अधिशासी निदेशक (मार्केटिंग एंड सर्विसेज) अनिल कुमार अरोड़ा को स्थानांतरित कर ईडी (कॉमर्शियल) के रूप में नई दिल्ली स्थित कॉर्पोरेट कार्यालय में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कई संयंत्रों और इकाइयों में बदले गए वरिष्ठ अधिकारी
प्रबंधन की ओर से जारी सूची के अनुसार धनबाद कोलियरी डिवीजन के सीजीएम राजीव तिवारी को झारखंड ग्रुप ऑफ माइंस में सीजीएम (ऑपरेशन) बनाया गया है। राउरकेला इस्पात संयंत्र के सीजीएम (टाउन सर्विसेज एवं हॉर्टिकल्चर) विजय कुमार को कॉर्पोरेट कार्यालय, नई दिल्ली में सीजीएम (एडमिनिस्ट्रेशन) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं नई दिल्ली के सीजीएम (एडमिनिस्ट्रेशन) सी.एम. चौग को राउरकेला इस्पात संयंत्र भेजा गया है।
इस्को बर्नपुर के सीजीएम (टाउन सर्विसेज एवं सीएसआर) विजेंद्र वीर को सीजीएम (इंटरनल ऑडिट) बनाया गया है। कोलकाता माइंस इकाई के सीजीएम (ऑपरेशन) एन. अरविंद को सलेम इस्पात संयंत्र में सीजीएम (मार्केटिंग) की जिम्मेदारी मिली है।
अन्य अधिकारियों का भी हुआ स्थानांतरण
सीएमओ राउरकेला के सीजीएम (सेल्स) सिद्धार्थ बनर्जी को कोलकाता मुख्यालय में सीजीएम (सेल्स) बनाया गया है। पंकज त्रिपाठी को कोलकाता मुख्यालय में नई जिम्मेदारी मिली है। दुर्गापुर इस्पात संयंत्र के जीएम (कार्मिक) अजीत कुमार सिंह का तबादला इस्को बर्नपुर किया गया है। भिलाई इस्पात संयंत्र के सीजीएम (माइंस) विश्वनाथ दास को उसी संयंत्र के एसएमएस-2 विभाग का सीजीएम बनाया गया है।
इसके अलावा इस्को बर्नपुर के एजीएम मो. कसीम को सलेम इस्पात संयंत्र, सीएमओ हैदराबाद की एजीएम (फाइनेंस) मेरी रीना को सलेम इस्पात संयंत्र, राउरकेला इस्पात संयंत्र के एजीएम अनिकेत चंद्रा को दुर्गापुर इस्पात संयंत्र तथा चासनाला कोलियरी के डिप्टी मैनेजर प्रभात रंजन को इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र भेजा गया है।
उत्पादन और कार्यकुशलता बढ़ाने पर फोकस
सेल प्रबंधन का मानना है कि इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल से विभिन्न संयंत्रों और खनन इकाइयों में समन्वय बेहतर होगा। साथ ही उत्पादन, विपणन और खनन गतिविधियों में तेजी आने के साथ विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

