Bokaro: शहर के सेक्टर-12 थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से चोरी किए गए तीन महंगे स्मार्टफोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल में Google Pixel-6 Pro, Realme 12X और Vivo T2 5G शामिल हैं।

घर में घुसकर चोरी का आरोप, दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को उकरीद बस्ती निवासी तसलीम जुनैदी अंसारी (47 वर्ष), पिता उस्मान गनी अंसारी ने सेक्टर-12 थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि एक अज्ञात भीख मांगने वाली महिला ने उनके घर से Google Pixel-6 Pro मोबाइल चोरी कर लिया। वहीं, पड़ोसी तब्बसुम परवीन के घर से भी Realme 12X और Vivo T2 5G मोबाइल चोरी होने की बात सामने आई थी।
इस मामले में सेक्टर-12 थाना कांड संख्या 81/2026 दिनांक 16 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

रेलवे स्टेशन के पास से महिला गिरफ्तार
मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बोकारो रेलवे स्टेशन के आसपास फुटपाथ पर रह रही भीख मांगने वाली महिलाओं से पूछताछ शुरू की। जांच और छापेमारी के दौरान पुलिस को सफलता मिली और रूपा देवी (28 वर्ष), पति विश्वकर्मा चौधरी उर्फ विश्वकर्मा खरवार, निवासी डिहरी मनी नगर वार्ड संख्या-19, थाना डिहरी बाजार, जिला रोहतास (बिहार) के पास से चोरी किए गए तीनों मोबाइल बरामद किए गए।
आरोपी महिला न्यायिक हिरासत में भेजी गई
पुलिस ने बरामद मोबाइल को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। साक्ष्यों के आधार पर उसे अप्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया। गिरफ्तार महिला को 19 जुलाई 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरे मामले के उद्भेदन में सेक्टर-12 थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक सुभाष चन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ऑपरेशन टीम में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी सुभाष चन्द्र सिंह, सहायक अवर निरीक्षक सुकलाल हांसदा, मिथलेश दुबे, इन्दर कुमार पासवान, महिला आरक्षी-1372 रंजू कुमारी, आरक्षी-721 देवेश शुक्ला, आरक्षी-1075 विश्वनाथ कुम्भकार और आरक्षी-1077 अभिमन्यु कुमार महतो शामिल थे।
बरामद मोबाइल:
Google Pixel-6 Pro
Realme 12X
Vivo T2 5G
गिरफ्तार आरोपी:
रूपा देवी, उम्र 28 वर्ष, पति विश्वकर्मा चौधरी उर्फ विश्वकर्मा खरवार, निवासी रोहतास (बिहार)

