Bokaro : सेक्टर-12 स्थित पुलिस लाइन मैदान में आयोजित तीन दिवसीय कोयला क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के दूसरे दिन रविवार को भी खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर रहा। दोपहर बाद हुई बारिश भी पुलिस जवानों के हौसले को नहीं डिगा सकी। भीगे मैदान में भी खिलाड़ियों ने पूरे जोश और जुनून के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

बोकारो और धनबाद पुलिस के जवानों के बीच कड़ा मुकाबला
प्रतियोगिता में बोकारो जिला पुलिस बल के 115 और धनबाद जिला पुलिस बल के 139 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। दोनों जिलों की टीमें क्रिकेट, खो-खो, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, फुटबॉल, हॉकी और कबड्डी जैसे विभिन्न खेलों में अपनी श्रेष्ठता साबित करने के लिए मैदान में उतर रही हैं।

एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने दिखाई रफ्तार और ताकत
एथलेटिक्स स्पर्धाओं में महिला और पुरुष खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर और 5000 मीटर दौड़ में खिलाड़ियों ने अपनी गति और सहनशक्ति का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं 4×100 मीटर और 4×400 मीटर रिले रेस में भी दोनों जिलों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
तकनीक और ताकत की परीक्षा में भी दिखा उत्साह
लंबी कूद, ऊंची कूद, ट्रिपल जंप, शॉट पुट, हैमर थ्रो, जैवलिन थ्रो और डिस्कस थ्रो जैसी स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक क्षमता और खेल कौशल का परिचय दिया। कई मुकाबलों में बोकारो और धनबाद की टीमों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देते हुए जीत दर्ज की।
पुलिस अधिकारियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए बोकारो पुलिस के कई अधिकारी खेल मैदान में मौजूद रहे। सिटी डीएसपी राजीव रंजन, मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार, सार्जेंट मेजर प्रणव कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान देर तक मैदान में डटे रहे। अधिकारियों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
खेल भावना के साथ अनुशासन का भी दिखा संगम
कोयला क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता में बोकारो और धनबाद पुलिस के जवान खेल प्रतिभा के साथ अनुशासन और टीम भावना का भी प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिसकर्मियों में शारीरिक दक्षता, आपसी समन्वय और खेल भावना को मजबूत करना है। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता पुलिस जवानों के बीच उत्साह और प्रतिस्पर्धा का शानदार मंच बन गई है।

