Bokaro: जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र के भेलवाटांड स्थित मुख्यमंत्री कौशल विकास केंद्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब वहां कार्यरत एक कुक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय गणेश कपरदार के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले का रहने वाला था। घटना के बाद पूरे केंद्र परिसर में अफरातफरी मच गई।

सुबह मेस में पहुंचने पर मिली हत्या की जानकारी
घटना की जानकारी तब सामने आई जब मुख्यमंत्री कौशल विकास केंद्र के कैंप मैनेजर संजीत कुमार सिंह सुबह नाश्ते की तैयारी को लेकर मेस पहुंचे। उन्होंने देखा कि कुक गणेश कपरदार बेड के नीचे संदिग्ध अवस्था में गिरे हुए थे। पास जाकर देखने पर हत्या की जानकारी हुई। कैंप मैनेजर ने तत्काल इसकी सूचना केंद्र के अधिकारियों और पेटरवार थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी।

दो साल से केंद्र में कुक के रूप में कर रहे थे काम
कैंप मैनेजर संजीत कुमार सिंह ने बताया कि गणेश कपरदार पिछले करीब दो वर्षों से मुख्यमंत्री कौशल विकास केंद्र में कुक के पद पर कार्यरत थे। वह केंद्र में रहने वाले प्रशिक्षुओं और कर्मचारियों के लिए भोजन तैयार करने का काम करते थे। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद तुरंत पुलिस को बुलाया गया, जिसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पुलिस ने शुरू की जांच, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की ली जा रही मदद
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। पेटरवार थाना पुलिस के साथ-साथ आईईएल थाना प्रभारी, तेनुघाट ओपी प्रभारी और कसमार थाना प्रभारी भी जांच में जुटे हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रविंद्र कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पुलिस हत्या की गुत्थी जल्द सुलझाने का प्रयास कर रही है। साक्ष्य जुटाने के लिए बोकारो से डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया है। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम की भी सहायता ली जा रही है।
पूर्व विधायक ने की जल्द खुलासे की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह से मुलाकात कर मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
परिजनों को दी गई सूचना, हत्या के कारणों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक गणेश कपरदार के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बेरमो एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और संभावित आरोपियों की पहचान के लिए सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

