Bokaro: उपायुक्त अजय नाथ झा ने मंगलवार को चंदनकियारी प्रखंड के दुबेकांटा के समीप सड़क दुर्घटना में माता-पिता को खो चुके तीन बच्चों से मुलाकात की। 14 मई 2026 को हुए हादसे में सपन मांझी और उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी की मृत्यु हो गई थी। करीब पांच माह बाद बच्चों के घर पहुंचे उपायुक्त ने उनकी पढ़ाई, देखभाल और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बीडीओ अजय वर्मा और सीओ रवि आनंद से अब तक की गई कार्रवाई का भी जायजा लिया।


विमल और विद्युत का आवासीय विद्यालय में होगा नामांकन
उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन को विमल और विद्युत का 2 से 3 नवंबर तक सेक्टर-2 स्थित नेताजी आवासीय विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, पल्लवी की दसवीं कक्षा तक पढ़ाई निर्बाध जारी रखने और आगे जरूरत के अनुसार आवासीय विद्यालय में नामांकन की व्यवस्था करने को कहा।
स्पॉन्सरशिप योजना से मिलेगी आर्थिक सहायता
दो बच्चों के लिए स्पॉन्सरशिप योजना स्वीकृत की गई है। आवंटन मिलते ही दोनों को प्रतिमाह चार-चार हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। उपायुक्त ने बच्चों के माता-पिता के बैंक खातों में जमा राशि को तीनों बच्चों के नाम पर एफडी कराने के लिए एलडीएम से समन्वय स्थापित करने का निर्देश भी दिया।

ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं
बच्चों के भविष्य की चिंता करते हुए उपायुक्त की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। मौके पर प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
