Bokaro: सिटी सेंटर में वैध दुकानों के बरामदे और कॉमन एरिया में किए गए अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को चलाए गए अभियान के बाद दुकानदारों और प्लॉटधारियों में नाराजगी के बीच बोकारो स्टील प्लांट (BSL) प्रबंधन ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है। BSL ने साफ कहा है कि कॉमन एरिया से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत आगे भी जारी रहेगी।

आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा का हवाला
BSL प्रबंधन ने कहा कि सिटी सेंटर के कॉमन एरिया में किए गए सभी प्रकार के अतिक्रमण को हटाया जाएगा। प्रबंधन के मुताबिक यह कार्रवाई आम लोगों की सुविधा, सुरक्षा और व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। अतिक्रमण के कारण लोगों के आवागमन में परेशानी हो रही थी और सुरक्षा की दृष्टि से भी स्थिति उचित नहीं थी।
दो बार सार्वजनिक सूचना जारी करने का दावा
BSL के अनुसार, कार्रवाई से पहले समाचार पत्रों के माध्यम से दो बार सार्वजनिक सूचना जारी कर सिटी सेंटर के प्लॉटधारियों से अपील की गई थी कि बरामदा अथवा कॉमन एरिया में किए गए अतिक्रमण को निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्वयं हटा लें। इसके बावजूद कई स्थानों पर अतिक्रमण बने रहने के बाद शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया गया।

पुलिस और दंडाधिकारी की मौजूदगी में कार्रवाई
प्रबंधन ने बताया कि प्रशासन द्वारा हाल में सिटी सेंटर का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान कॉमन एरिया में किए गए अतिक्रमण के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जरूरत सामने आई थी। इसके बाद पुलिस और दंडाधिकारी की मौजूदगी में अभियान चलाकर कॉमन एरिया में पाए गए अतिक्रमण को हटाया गया।
दुकानदारों में कार्रवाई को लेकर रोष
अभियान के बाद सिटी सेंटर के कई दुकानदारों और प्लॉटधारियों में नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि BSL ने जिस तरह कार्रवाई की, उसकी उन्होंने कल्पना नहीं की थी। दुकानदारों का आरोप है कि उन्हें अचानक कार्रवाई का सामना करना पड़ा। वहीं, सोशल मीडिया पर भी कार्रवाई को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
BSL बोला- सभी अतिक्रमण हटेंगे
BSL ने स्पष्ट किया कि सिटी सेंटर के कॉमन एरिया में किए गए किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को हटाया जाएगा। प्रबंधन ने कहा, “यह अभियान विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत आगे भी जारी रहेगा तथा सिटी सेंटर के कॉमन एरिया में किए गए सभी प्रकार के अतिक्रमण को हटाया जाएगा।”
सड़क, ड्रेनेज और पार्किंग भी होंगे दुरुस्त
BSL ने कहा कि सिटी सेंटर के समग्र विकास और सुविधाओं के उन्नयन की भी योजना है। इसके तहत सड़क मरम्मत, ड्रेनेज सिस्टम में सुधार और पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने सहित अन्य आवश्यक कार्य किए जाएंगे। प्रबंधन का कहना है कि इससे सिटी सेंटर आने वाले लोगों और व्यवसायियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
प्लॉटधारियों से फिर सहयोग की अपील
BSL ने सिटी सेंटर के सभी प्लॉटधारियों और दुकानदारों से कॉमन एरिया को अतिक्रमणमुक्त बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। प्रबंधन ने कहा कि सुरक्षित और सुगम आवागमन तथा व्यापक जनहित के लिए कॉमन एरिया का अतिक्रमणमुक्त रहना जरूरी है।
