Bokaro: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर शुक्रवार को बोकारो जिले में बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह ठप रहीं। एआईबीए, एआईबीओसी, एनसीबीई, बीईएफआई, एआईबीओए, आईएनबीईएफ व आईएनबीओसी समेत प्रमुख बैंक यूनियनों की एकदिवसीय हड़ताल के कारण सभी बैंक शाखाओं में कामकाज बाधित रहा। इससे ग्राहक इधर-उधर भटकते नजर आए।

बारिश के बीच निकाली गई रैली
चास, बोकारो और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी-कर्मचारी सेक्टर-4 सिटी सेंटर स्थित बैंक ऑफ इंडिया के परिसर के समक्ष जुटे। यहां से रैली निकाली गई, जो सिटी सेंटर का भ्रमण करते हुए एसबीआई सेक्टर-4 परिसर पहुंची और जनसभा में बदल गई। मूसलाधार बारिश के बावजूद बैंककर्मियों का उत्साह बना रहा। रैली में महिला कर्मचारियों की भी बड़ी भागीदारी रही।
पीएलआई में भेदभाव और पांच दिवसीय बैंकिंग का मुद्दा
यूएफबीयू नेताओं ने कहा कि परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) में कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच भेदभाव किया जा रहा है। साथ ही 2024 में समझौता होने के बावजूद पांच दिवसीय बैंकिंग लागू नहीं की गई है। यूनियनों ने सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना 40 मिनट अतिरिक्त काम करने की सहमति भी दी थी।

मांगें नहीं मानीं तो तीन दिवसीय हड़ताल
नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी समाधान नहीं निकला तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। प्रदर्शन को सिद्धेश नारायण दास, राघव कुमार सिंह, राजीव कुमार सिंह समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
