Bokaro: सिटी सेंटर में अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ चल रही हथौड़ा कार्रवाई को लेकर बोकारो व्यवसायिक प्लॉट होल्डर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने नाराजगी जताई है। एसोसिएशन अध्यक्ष राजेंद्र विश्वकर्मा ने कहा कि बोकारो स्टील प्रबंधन द्वारा उपायुक्त के आदेश का हवाला देते हुए कार्रवाई की जा रही है, जिससे प्लॉट होल्डर्स और व्यवसायियों में भारी आक्रोश है।

अतिक्रमण को लेकर प्रबंधन पर सवाल
राजेंद्र विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि सिटी सेंटर और सेक्टर मार्केट में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण है। कई दुकानें सड़क तक आ गई हैं और पार्किंग व सार्वजनिक स्थानों पर भी शटर वाली दुकानों का कब्जा है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में भी समान रूप से कार्रवाई की जानी चाहिए।
वैध दुकानदारों के हितों की सुरक्षा की मांग
उन्होंने कहा कि सिटी सेंटर और सेक्टर मार्केट के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बरामदे को साफ-सुथरा रखते हुए आम लोगों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाना चाहिए। साथ ही अतिक्रमण कर बनाई गई स्थायी दुकानों को हटाने की दिशा में त्वरित कार्रवाई की मांग की।

सड़क किनारे कारोबार से बाजार प्रभावित
विश्वकर्मा ने कहा कि सड़क किनारे बढ़ते कारोबार के कारण सिटी सेंटर और सेक्टर मार्केट के वैध दुकानदारों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से शहरभर में अवैध कब्जों के खिलाफ समान और पारदर्शी कार्रवाई करने की मांग की।
संवाद के जरिए समाधान की अपील
एसोसिएशन अध्यक्ष ने कहा कि लगातार हथौड़ा कार्रवाई से व्यवसायियों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन और बोकारो स्टील प्रबंधन से संबंधित पक्षों के साथ संवाद कर समस्या का समाधान निकालने की अपील की।
