Bokaro: जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बोकारो पुलिस ने जून 2026 में विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक बोकारो के दिशा-निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी और एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें अलग-अलग अपराधों में संलिप्त कुल 129 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

अवैध शराब और तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई
बोकारो पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जून माह में अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध शराब के मामलों में 10 अपराधियों, जबकि अवैध कोयला और बालू तस्करी के मामलों में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने जिले में अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान जारी रखा है।

महिला एवं बच्चों से जुड़े अपराधों में भी गिरफ्तारी
पुलिस कार्रवाई के दौरान पोक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा अपहरण के मामले में 2 अभियुक्तों को पकड़ा गया और एससी/एसटी उत्पीड़न से जुड़े मामलों में 2 लोगों की गिरफ्तारी की गई।
चोरी, छिनतई और साइबर अपराध पर शिकंजा
अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस ने चोरी और छिनतई की घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की। जून में छिनतई/झपटमारी के मामलों में 6, जबकि चोरी के मामलों में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं साइबर अपराध पर कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के मामलों में 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
अवैध हथियार और संगठित अपराध पर कार्रवाई
बोकारो पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया। इस दौरान अवैध हथियार के मामलों में 3 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा रंगदारी मांगने के मामले में 1, हत्या के मामले में 1, बलवा/दंगा मामले में 1 और संगठित अपराध के मामले में 1 अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।
वारंटियों पर भी चला अभियान
पुलिस ने न्यायालय से प्राप्त वारंटों के निष्पादन को लेकर भी अभियान चलाया। जून माह में न्यायालय वारंट के मामलों में 31 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही अवैध गांजा/अफीम से जुड़े मामले में 1 आरोपी तथा अन्य अपराधों में 43 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई।
अपराध मुक्त बोकारो के लिए जारी रहेगा अभियान
बोकारो पुलिस ने बताया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग, एंटी क्राइम चेकिंग और लगातार छापेमारी के माध्यम से अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और अपराध में संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाता रहेगा।

