Bokaro: झारखंड सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बड़ा कदम उठाते हुए डीएसपी रैंक के 201 अधिकारियों का तबादला किया है। इस व्यापक फेरबदल में कई जिलों के पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, वहीं बोकारो जिले में भी कई अहम बदलाव किए गए हैं।

बोकारो में कार्यरत अधिकारियों का तबादला अन्य जिलों में किया गया
सरकारी आदेश के अनुसार बोकारो में पदस्थ रहे सिटी डीएसपी आलोक रंजन को रामगढ़ स्थानांतरित किया गया है। ट्रैफिक डीएसपी विद्या शंकर को विशेष शाखा में भेजा गया है। इसी तरह मुख्यालय डीएसपी अनिमेष कुमार गुप्ता का स्थानांतरण अतिरिक्त अनुसंधान विभाग में किया गया है। सीसीआर डीएसपी शकील आबिद शम्स को झारखंड आर्म्ड पुलिस-6, लस्लिगंज में नई जिम्मेदारी दी गई है। चास डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह को झारखंड आर्म्ड पुलिस-7, हजारीबाग स्थानांतरित किया गया है।
बोकारो में नई तैनाती से बदली पुलिस व्यवस्था
नए आदेश में बोकारो जिले को कई नए डीएसपी भी मिले हैं। बेरमो डीएसपी के रूप में रविंद्र कुमार सिंह की तैनाती की गई है। पवन कुमार को मुख्यालय डीएसपी, राजीव रंजन को सिटी डीएसपी और अजय प्रसाद को ट्रैफिक डीएसपी बनाया गया है। सीसीआर डीएसपी की जिम्मेदारी रामप्रवेश सिंह को दी गई है। वहीं जैप-4 में बैजू ओरांव, एसआईएसएफ में श्यामा नंदन मंडल और विरेंद्र टोप्पो को बोकारो में तैनात किया गया है।

सरकार का उद्देश्य-पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाना
सरकारी स्तर पर कहा गया है कि इस बड़े पैमाने पर हुए तबादले का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली में गति आने और जनता को बेहतर सेवाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

